तरनतारन, 30 अक्तूबर | यहां के एक गांव में स्कूल गई नाबालिग लड़की को कार में अगवा कर रेप किया गया और अश्लील वीडियो बना लिया गया। इस संबंध में सदर पट्टी थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
महिला ने बताया कि उसकी बेटी करीब 15 साल की है और वह पास के गांव के स्कूल में पढ़ती है। वह गांव के लड़के जग्गी पुत्र बिट्टू से बातचीत करती थी। वह सुबह स्कूल गई लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। इसकी जानकारी स्कूल के शिक्षक ने फोन पर दी।
वे अपनी बेटी की तलाश कर रहे थे तभी करीब तीन बजे बच्ची घर आई। उसने बताया कि सुबह स्कूल जाते समय जग्गी पुत्र बिट्टू, मनराज सिंह पुत्र गंजू और गुरप्रीत सिंह पुत्र बलविंदर सिंह स्विफ्ट कार में आए और उसे जबरन मनराज सिंह के घर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बनाई।
मामले की जांच कर रही महिला सब इंस्पेक्टर राजवंत कौर ने बताया कि उक्त तीनों लोगों को अपहरण, दुष्कर्म व पोस्को एक्ट की धाराओं के तहत नामजद किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।



