लुधियाना, 6 फरवरी| लुधियाना में थ्रीके रोड पर दो कार ड्राइवरों ने रेस लगाई। एक ड्राइवर से तेज-रफ्तार कार बेकाबू होकर खोखे के पास आग सेक रहे लोगों पर चढ़ गई। हादसा इतना भयानक था कि खोखे के साथ लगती दीवार में कार घुस गई। एक्सीडेंट में 4 लोग गंभीर घायल हुए हैं, जबकि 1 व्यक्ति की मौत हो गई।
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। मृतक की पहचान मोहम्मद मुस्लिम (70) के रूप में हुई है। लोगों ने एंबुलेंस मौके पर न पहुंचने के कारण करीब 20 मिनट धरना भी लगाया।
चीख पुकार सुन लोग हुए इकट्ठे
सड़क पर चीख पुकार मचने के बाद तुरंत लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके से कार ड्राइवर भाग गए। जानकारी देते हुए इंदु रानी ने बताया कि उसका पति ललित गंभीर रूप से घायल है। मोहम्मद मुस्लिम नाम के बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। बाकी के तीन घायलों की अभी पहचान नहीं हो पाई।



