मानसा। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि उनका सरकार से भरोसा उठ गया है, अगर उनके बेटे की हत्या के मामले में न्याय नहीं मिला तो वह कोर्ट जाएंगे और अपने बेटे के खून से सने कपड़े पहनकर लोगों के बीच जाएंगे। बलकौर सिंह रविवार को सिद्धू के प्रशंसकों को मूसा गांव में संबोधित कर रहे थे।
रविवार को देश-विदेश से सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसक गांव मूसे पहुंचे और सिधू के माता-पिता से अपना दुख साझा किया और सिद्धू के लिए न्याय की मांग की। पिता बलकौर सिंह ने कहा कि वह लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और पंजाब के 92 विधायकों में से केवल एक ही सच बोल रहा है और वह एक पूर्व पुलिस अधिकारी हैं। जिन्होंने गैंगस्टरों की पार्टी में जाने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाई है।
उन्होंने कहा कि यह कहां का न्याय है कि आज भी गैंगस्टर खुलेआम काला चश्मा पहनकर कोर्ट में आते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वीडियो में आपने उन्हें करोड़ों रुपये की हेरोइन के मामले में अदालत में पेश होने के लिए काला चश्मा और ब्रांडेड कपड़े पहने देखा होगा।
उन्होंने कहा कि ऐसा क्यों? यह सब सरकार, बड़े पुलिस अधिकारियों और राजनेताओं की मिलीभगत से है। उन्होंने आरोप लगाया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने गैंगस्टरों से पैसे लेकर उनके बच्चों को विदेश में बसाया है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब मेरा लड़का हथियारों पर गाना गाता था तो उस पर केस दर्ज कर दिया गया, लेकिन आज कुछ गायक गैंगस्टरों की चापलूसी करने के लिए हथियारों पर गाने गा रहे हैं तो उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।



