हरियाणा, 31 जुलाई | जन नायक जनता पार्टी(JJP) के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला सिरसा की डबवाली सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। वह इन दिनों डबवाली हलके में काफी सक्रिय हैं और लोगों के सुख-दुख बांट रहे हैं। दिग्विजय चौटाला ने यह कहकर चौका दिया है कि वह डबवाली में सिद्धू मूसेवाला की प्रतिमा लगाएंगे। दिग्विजय चौटाला का कहना है यह प्रतिमा अगले 2 माह में तैयार हो जाएगी। डबवाली में कोई निश्चित स्थान इसके लिए देखा जा रहा है।
दिग्विजय ने बताया कि प्रतिमा लगाने के लिए सिद्धू मसूवाला के पिता बलकौर सिंह से वह इसकी इजाजत ले चुके हैं। प्रतिमा स्थापित हो जाने के बाद बलकौर सिंह खुद आकर सिद्धू मुसेवाला की प्रतिमा का अनावरण अपने हाथों से करेंगे।
दिग्विजय ने कहा कि एक साधारण परिवार से सिद्धू मूसेवाला ने बेहद कम उम्र में अपनी मेहनत के दम पर पूरे देश और दुनिया में नाम कमाया जो सभी युवाओं के लिए एक मिसाल है। उनका कहना है कि डबवाली में मूसेवाला की प्रतिमा युवाओं को प्रेरणा देगी।



