शिकागो, 23 जनवरी | अमेरिका के शिकागो शहर में मंगलवार को दो अलग-अलग घरों में फायरिंग की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। फायरिंग की दोनों घटनाएं शिकागो स्थित इलिनोइस के जोलियट में वेस्ट एकर्स रोड स्थित दो घरों में हुईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि हमलावर की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हमलावर की पहचान 23 साल के रोमियो नेंस के तौर पर हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नेंस लाल रंग की टोयोटा कैमरी गाड़ी चला रहा है। उसके पास हथियार हैं और उसे खतरनाक घोषित किया गया है। पुलिस ने लोगों से उसकी जानकारी देने की अपील की है।
पुलिस ने बताया कि फायरिंग की पहली घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। इसमें एक महिला और उसके दो बच्चे मारे गए। दूसरी घटना करीब 12 बजे हुई। इसमें एक परिवार के चार सदस्य मारे गए। पुलिस ने बताया कि हमलावर मरने वालों के परिवार को पहले से जानता था। हालांकि, पुलिस को अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि हमले की वजह क्या थी। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।




