गोपालगंज। 6 दिन से लापता युवक का अधजला शव गोपालगंज में बोरे में मिला। पुलिस ने मृतक का शव श्रीपुर ओपी क्षेत्र के भगवानपुर गांव के समीप स्थित नहर के किनारे से बरामद किया। पुलिस ने शव को गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान गोपालगंज थाना क्षेत्र के नटवां गांव निवासी वकील अंसारी के पुत्र मौन साहिब अंसारी के रूप में हुई है।
26 अप्रैल से लापता घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक साहिब अंसारी 26 अप्रैल की रात खाना खाकर घर की छत पर सोया था। सुबह जब उसकी मां उसे जगाने गई तो युवक वहां नहीं था। काफी देर तक तलाश करने के बाद उसके परिजनों ने थाने में उसकी शिकायत दर्ज कराई।
नहर किनारे बोरे में मिला शव : श्रीपुर ओपी क्षेत्र के भगवानपुर गांव से गुजरने वाली हठुआ शाखा नहर के किनारे सोमवार एक मई को बोरे में बंद शव मिला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को कहीं से लाकर बोरे में डालकर फेंक दिया गया और उसका चेहरा जला दिया गया।
वहीं मृतक के भाई का कहना है कि सिम कार्ड के अलावा उसके पास से एक मेमोरी कार्ड और एक महिला की फोटो भी मिली है। उसे शक है कि महिला ने उसकी हत्या की है। फिलहाल हत्या की वजह प्रेम प्रसंग या आपसी दुश्मनी बताई जा रही है। पुलिस जांच कर रही है।



