बिहार, 29 मई। बिहार के शेखपुरा में गर्मी का कहर जारी है, जिसका सीधा असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिल रहा है। अररिया प्रखंड के मानकौल अपग्रेड मिडल विद्यालय में सुबह के सत्र में करीब सात छात्राएं बेहोश होकर जमीन पर गिर गयीं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। विद्यालय प्रधान ने बताया कि घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी दी गयी, लेकिन एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण स्थानीय स्तर पर व्यवस्था कर बेहोश बच्चों को ऑटो से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
स्थिति बहुत गंभीर है। स्थानीय लोग भी काफी नाराज हैं। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। इसके बावजूद स्कूल खुले होने के कारण बच्चों को आना पड़ रहा है, जिससे स्थिति खराब हो रही है। लोगों का कहना है कि स्कूल आने का आदेश देने वाले खुद एसी में बैठे हैं और बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरनाक असर पड़ रहा है।
इसी तरह बढ़ती गर्मी के बीच बेगूसराय में भी एक दर्जन से अधिक स्कूली छात्र बेहोश होने गए हैं। बेहोशी की हालत में छात्रों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां सभी छात्रों का इलाज चल रहा है।
यह पूरा मामला मटिहानी थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय का है। बताया जा रहा है कि आज बेगुसराय में काफी गर्मी है। इसी गर्मी के कारण आज अचानक स्कूल में एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं बेहोश हो गये। स्कूल के शिक्षकों ने तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। स्कूल के शिक्षकों ने बताया है कि यह बिहार सरकार का तुगलकी फरमान है। स्कूलों में छुट्टियां नहीं होने से शिक्षकों में काफी गुस्सा है।



