नई दिल्ली। मानसून के सीजन में लगातार होती बारिश इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बरसात की वजह से जहां कई जगह जल भराव की समस्या होने लगी है। साथ ही बरसात में इस मौसम में कई सारी बीमारियों और संक्रमणों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा इन दिनों देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार आई फ्लू के मामले सामने भी आ रहे हैं। दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में यह संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहे हैं। ऐसे में अचानक बढ़ते आई फ्लू के मामलों को लेकर हमने शार्प साईट आई हॉस्पिटल्स के वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. विकाश वैभव से बात की और आई फ्लू के बढ़ते मामलों की वजह जानने की कोशिश की।
बारिश के साथ ही बढ़े मामले
आई फलू के बढ़ते मामलों के बारे में बात करते हुए डॉ. विकाश वैभव कहते हैं कि बारिश के साथ ही देश के ज्यादातर हिस्सों में आंख की समस्या से जूझ रहे मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आंखों में वायरल और बैक्टीरियल दोनों तरह के इन्फेक्शन देखने को मिल रहे हैं। राजधानी दिल्ली समेत देश के अन्य राज्यों के सरकारी अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है।
डॉक्टर बताते हैं कि इसका एक अहम कारण मानसून में बैक्टीरिया, वायरस और क्लैमाइडिया इन्फेक्शन का खतरा ज्यादा होता है। दरअसल, इस मौसम में ह्यूमिडिटी की वजह से वायरस को जहां फैलने का मौका मिलता है, वहीं नमी की वजह से इन्फेक्शन हमारे बीच लंबे समय तक रहता है। ऐसा ही कुछ कंजक्टिवाइटिस के साथ भी है। ये एडेनोवायरस, हर्पीस सिम्प्लेक्स वायरस और वैरिसेला जोस्टर जैसे वायरस की वजह से होता है।



