चंडीगढ़। पंजाब के सभी जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद माझे में अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट में तेज बारिश हो रही है। पंजाब में बारिश सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन हिमाचल में बारिश के बाद एक बार फिर नदियां उफान पर हैं। इसके साथ ही फाजिल्का के 22 गांव अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ से यहां के मिट्टी के घरों को भी सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
सबसे बुरा हाल फाजिल्का का है। पंजाब में हुई 40 मौतों में से 10 इसी जिले से हैं। यहां 75 फीसदी फसल भी पानी में डूब गई है। अब पटियाला में हालात सुधर रहे हैं। टांगरी नदी के किनारे 100 फीट चौड़ी दरार को स्थानीय लोगों की मदद से भर दिया गया है। इस दरार के कारण गांव लोहलां, जागीर, रोहड़ और दूधन गुज्जरों को काफी नुकसान हुआ है। इसे जिला प्रशासन के सहयोग से लोगों ने भर दिया। अब इस दरार को मजबूत करने का काम चल रहा है।
पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने पटियाला के गांवों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आपदा से निपटने के लिए स्थानीय विधायकों, टीम, पटियाला पुलिस, भारतीय सेना, एनडीआरएफ के साथ-साथ ग्रामीणों की टीम वर्क की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल की टीम वर्क से सब कुछ संभव हो पाया है।



