फिरोजपुर, 12 अक्तूबरः त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने फिरोजपुर कैंट-पटना और जम्मू तवी-बरौनी के बाची 26 फेस्टिवल स्पैशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। ये ट्रेनें फिरोजपुर कैंट से पटना के बीच 26 से 29 अक्टूबर व जम्मू तवी व बरौनी के बीच 20 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलेंगी।
रेल मंडल फिरोजपुर के अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की ओर से गाड़ी संख्या 04678 व 04677 फिरोजपुर कैंट-पटना-फिरोजपुर कैंट आरक्षित त्योहार स्पेशल (12 ट्रिप) 04678 फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह त्योहार स्पेशल रेलगाड़ी 04678 फिरोजपुर कैंट से दोपहर 01:25 बजे प्रस्थान करके अगले दिन शाम 05.00 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 04677 पटना से फिरोजपुर कैंट के लिए 26 से 30 अक्टूबर के बीच (छह ट्रिप) प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी। यह स्पेशल रेलगाड़ी 04677 पटना से शाम 06:45 बजे प्रस्थान करके अगले दिन रात्रि 10.40 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। मार्ग में यह त्योहार स्पेशल रेलगाड़ी कोटकपूरा, बठिंडा, रामपुर फूल, धुरी, पटियाला, राजपुरा, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, प्रतापगढ़, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा तथा दानापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
इसके अलावा 04646- 04645 जम्मू तवी-बरौनी-जम्मू तवी आरक्षित त्योहार स्पेशल (14 ट्रिप) बरौनी के लिए 19 से 30 अक्टूबर के बीच (सात ट्रिप) प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी। यह त्योहार स्पेशल रेलगाड़ी 04646 जम्मू तवी से सुबह 05:45 बजे प्रस्थान करके अगले दिन दोपहर 12.10 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी दिशा में 04645 बरौनी से जम्मू तवी के लिए 20 अक्टूबर से एक दिसंबर के बीच (7 ट्रिप) प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी।
यह स्पेशल रेलगाड़ी 04645 बरौनी से दोपहर 03:15 बजे प्रस्थान करके अगले दिन रात्रि 10.30 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। मार्ग में यह स्पेशल रेलगाड़ी पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अम्बाला छावनी, सहारनपुर, लक्सर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, छपरा ग्रामीण, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी तथा बछवाड़ा स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।



