नई दिल्ली। हर इंसान की ज़िंदगी में कभी न कभी ऐसी घटना ज़रूर घटती है जिसके जरिए उसे अपनी जिंदगी का उद्देश्य पता चलता है। इंसान के अंदर अगर इंसानियत मर जाए तो वो जानवर से भी बदतर हो जाता है। पर जीवन की कुछ घटनाएं उसके अंदर इंसानियत का भाव इतना ज्यादा भर देती हैं कि वो एक बेहतर इंसान बनकर उभरता है। ऐसा ही एक वाकया कैब ड्राइवर के साथ भी हुआ जिसकी कहानी इन दिनों चर्चा में है।
सुमित नाम के ट्विटर यूज़र ने हाल ही में एक फोटो पोस्ट की जो बेंगलुरू के कैब ड्राइवर की थी। मैं एयरपोर्ट जा रहा था जब रास्ते में मेरी मुलाकात एक कैब ड्राइवर से हुई। मुझे नहीं पता था कि ये सफर मेरी ज़िंदगी का सबसे ज्यादा प्रेरणादायक अनुभव बन जाएगा। इसके बाद उन्होंने एक साथ कई ट्वीट करते हुए ड्राइवर से जुड़ी कहानी लोगों को बताई।
सुमित ने बताया कि ड्राइवर पिछले 17 सालों से अपने घर को सपोर्ट कर रहा है और वो घर का इकलौता पैसे कमाने वाला व्यक्ति है, वही घरवालों का पेट पाल रहा है। सुमित ने कहा कि जब कैब ड्राइवर ने ये बताया कि रात भर गाड़ी चलाने के लिए उसे प्रेरणा कहां से मिलती है तो वो सुनकर सुमित के मन में उसके प्रति इज्जत बढ़ गई। ड्राइवर ने बताया कि एक रात उसे एक सवारी मिली मगर देर होने और दूरी ज्यादा होने की वजह से उसने उसे मना कर दिया। पर बार-बार उसे वो सवारी मिल रही थी और उसने उसे कई बार कैंसिल किया।



