जालंधर। बाबा मुराद शाह के सालाना कार्यक्रम में मंच से माता चिंतपूर्णी के पुजारियों को लेकर दी स्टेटमेंट पर मचे घमासान के बाद मास्टर सलीम मां के दरबार में पहुंचे। उन्होंने पूरे विधि विधान से मंदिर में माथा टेका और वहीं पर बैठ कर कहा कि मां जगत जननी सबकी भूलें माफ करती है। उनसे भी जो कोई गलती हुई है उसके लिए वह माफी मांगते हैं और मां उनकी भूल को माफ करेगी।
मास्टर सलीम ने उनके खिलाफ थाना भरवाईं (ऊना, हिमाचल प्रदेश) में शिकायत रद करवाने और विवाद को खत्म करने के लिए मंदिर के पुजारियों के साथ बैठ कर उनसे भी वीडियो मैसेज जारी करवाया। बता दें कि मास्टर सलीम ने बाबा मुराद शाह के सालाना कार्यक्रम में कहा था कि वह माता चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेकने गए थे तो वहां पर पुजारियों ने पूछा था के बापू यानी बाबा मुराद शाह का क्या हाल है।
सलीम ने माता के दरबार में माफी भी मांगी भजन भी गाया
गायक मास्टर सलीम माता चिंतपूर्णी के दरबार में हाथ में मां की चुनरी प्रसाद लेकर जयकारे लगाते हुए पहुंचे। मंदिर में प्रवेश से पहले लगी श्री गणेश जी और हनुमान जी की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित की। इसके बाद लाइन में लगकर दरबार तक पहुंचे। माता के दरबार में बैठकर उन्होंने कहा कि माता उनसे यदि कोई गलती-भूल चूक हुई हो तो माफ करना। मां सबकी गलतियां माफ करती है।



