अमृतसर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देश विरोधी ताकतों के मनसूबों को नाकाम करने के लिए पंजाब पुलिस ने रविवार को अमृतसर में विभिन्न इलाकों में सर्च अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अचानक चेकिंग शुरू की गई। इसके साथ ही लोगों को सुरक्षित महसूस करवाने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाले जा रहे हैं। DCP लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह भंडाल की देखरेख में चले गए इस सर्च ऑपरेशन में यात्रियों के सामान और बैग में वर्जित वस्तुओं व अन्य गैर-कानूनी पदार्थों का पता लगाने के लिए मेटल डिटेक्टर, स्कैनरों और स्निफर डॉग्स की मदद के साथ चेकिंग की गई। पंजाब को 3 जोन में बांटा गया। जिनमें ADGP रैंक के अधिकारियों ने संबंधित थानों के SHO की सहायता से फ्लैग मार्च निकाले गए।
स्पेशल नाके लगे, वाहनों की हुई चेकिंग
इसके अलावा शहर के अंदर, बाइपास और टूरिस्ट डेस्टिनेशन प्लेस पर स्पेशल हाईटेक नाके लगाए गए। वाहनों पर लगे हूटर, प्रैशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों की चैकिंग की गई। इतना ही नहीं, वाहनों के हाई सिक्योरिटी नंबर चालान काटे गए। DCP भंडाल ने कहा कि लोगों की जान की रक्षा के लिए पुलिस 24 घंटे तत्पर है। पुलिस कानून की पालना करने वाले नागरिक के लिए मित्रता वाला रवैया अपना रहे हैं, वहीं समाज विरोधी ताकतों के खिलाफ कानून अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



