डेरा बाबा नानक। गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है कि आने वाले कुछ दिनों में लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा यात्री टर्मिनल को वाई-फाई सुविधा से लैस किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को फ्री हाई स्पीड वाई-फाई की सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि यात्री टर्मिनल में नेटवर्क नहीं होने के कारण तीर्थयात्रियों के मोबाइल खिलौने साबित हो रहे थे। जानकारी के मुताबिक बीएसएनएल कंपनी के अलग-अलग जगहों पर मॉडम लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह वाई-फाई रेंज पूरे टर्मिनल में होगी। इसके अलावा आपात स्थिति में फोन की सुविधा भी दी जाएगी।
इस मौके पर श्रद्धालु हरदेव सिंह, विक्रमजीत सिंह, सुखदेव सिंह, जोगिंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, अमनदीप सिंह आदि ने कहा कि पिछले समय से सरहदी क्षेत्र के अलावा यात्री टर्मिनल में मोबाइल फोन में नैटवर्क ना होने से काफी परेशानी हो रही थी। वाई-फाई नेटवर्क की वजह से नानक नामलेवा संगत में खुशी की लहर है।



