नोएडा। पबजी खेलते हुए युवक की चार बच्चों की मां से दोस्ती हो गई। महिला तीन देशों का बॉर्डर पार कर भारत पहुंच गई। कई दिन तक पबजी वाले दोस्त के साथ रहने लगी। फिर एक दिन पूरे मामले का भंडा फूट गया। मामला दिल्ली से लगते ग्रेटर नोएडा का है। अब पुलिस ने महिला और प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा रबूपुरा निवासी सचिन यहां पर एक दुकान में काम करता था। उसे पबजी खेलने का चस्का था। इस दौरान गेम खेलते हुए पाकिस्तानी महिला से बातचीत होने लगी। गेम खेलते खेलते महिला और युवक एक दूसरे के साथ जीने मरने के ख्वाब देखने लगे। बाद में महिला ने भारत आने की प्लानिंग की।
बताया जा रहा है कि यह पाकिस्तानी महिला नेपाल के रास्ते दिल्ली होते हुए ग्रेटर नोएडा पहुंची। यहाँ पर रबूपुरा के एक किराए के मकान में वह अपने प्रेमी के साथ रहने लगी। मकान मालिक को पाकिस्तानी महिला ने अपना नाम सीमा बता रखा था।
हैरानी की बात यह है कि महिला 13 मई को अपने चार छोटे बच्चे को भी साथ लाई थी। पुलिस को जब मामले की भनक लगी तो 3 टीमें बनाई गई। फिर सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली गई और बाद में महिला और प्रेमी सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया। अब दोनों से जांच एजेंसियां कर पूछताछ कर रही हैं।
महिला और सचिन बच्चों के साथ किराए पर रह रहा था, मकान मालिक से बात करने पर मकान मालिक गिरजेश ने बताया कि सचिन कस्बे में परचून की दुकान पर काम करता था। 13 मई से यहां रह रहा है। उसने 2,500 रुपये किराए पर मकान लिया था। एक दिन भाई की तबीयत खराब बता सचिन, पाकिस्तानी महिला और बच्चे यहां से चले गए।
मकान मालिक ने बताया कि सामने किराए पर रहने वाली लड़की ने बताया था कि उसकी भाषा कुछ अलग लगती थी। एक बार दोनों की लड़ाई भी हुई थी। करीब डेढ़ महीने ये लोग यहां रहे। उधर, पड़ोसी सुभाष ने बताया कि ये ज्यादा बात नहीं करते थे। 1 जुलाई की रात पुलिस ने मौके पर रेड की तो उसके बाद जानकारी मिली। फिलहाल, रबूपुरा थाना क्षेत्र की टीम जांच कर रही है।



