मुंबी। पठान हर दिन के साथ बॉक्स ऑफिस पर एक नया रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 4 दिनों में ही 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। तरण आदर्श के रिपोर्ट मुताबिक फिल्म ने शनिवार को 51.5 करोड़ का कलेक्शन किया है। हिंदी में फिल्म का नेट कलेक्शन 212.50 करोड़ हो गया है। वहीं तेलुगु और तमिल के भी आंकड़े ले लिए जाएं तो फिल्म की कुल कमाई 220 करोड़ हो गई है। इसके अलावा फिल्म ने 429 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है।
पठान ने KGF 2 और बाहुबली के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। KGF 2 ने डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का आंकड़ा 5 दिन में छूआ था, जबकि बाहुबली को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 6 दिन का समय लगा था। पठान ने चार दिनों में तीसरी बार 50 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है।
400 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया
वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें फिल्म ने चौथे दिन भी 100 करोड़ का ओवरऑल कलेक्शन किया है। इस हिसाब से फिल्म ने 4 दिनों में 429 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। चार दिनों में 400 करोड़ का कलेक्शन करने वाली पठान बॉलीवुड की पहली फिल्म बन गई है।
ओपनिंग डे पर 300 स्क्रीन्स बढ़ाई गईं
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, पठान वर्ल्डवाइड 8000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। हिंदी तमिल और तेलुगु मिलाकर फिल्म 5500 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई। वहीं विदेशों में फिल्म को 2500 स्क्रीन्स मिले हैं। शुरुआत में फिल्म 5200 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी, लेकिन फिल्म के क्रेज को देखते हुए 300 स्क्रीन्स और बढ़ा दिए गए हैं। कोविड के दौरान बंद पड़े 25 सिंगल स्क्रीन्स को पठान की रिलीज के साथ ही फिर से खोल दिया गया है। शाहरुख ने खुद अपने सोशल मीडिया के जरिेए इस बात की जानकारी दी।
वर्ल्डवाइड ओपनिंग का रिकॉर्ड RRR के नाम
किसी भी भारतीय फिल्म के पहले दिन की कलेक्शन की बात करें तो ‘RRR’ ने पूरी दुनियाभर में 225.5 करोड़ रुपए बटोरे थे। इस लिस्ट में बाहुबली-2 पहले दिन 213 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ दूसरे नंबर पर है। हालांकि पठान ने पहले दिन वर्ल्डवाइड 103 करोड़ का कलेक्शन किया है इसलिए इस लिस्ट में पठान की एंट्री नहीं हो पाई है।
चार साल बाद शाहरुख की वापसी
शाहरुख ने पठान के साथ सिल्वर स्क्रीन पर बतौर लीड चार साल बाद वापसी की है। आखिरी बार 2018 में आई फिल्म ‘जीरो’ में नजर आए थे। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। इन चार सालों में उन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र’, ‘लाल सिंह चड्ढा’ और ‘रॉकेट्री’ जैसी फिल्मों में कैमियो किया था।



