श्रीनगर। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी की टी-शर्ट और उनकी दाढ़ी सहित कई चीजों ने पिछले कुछ दिनों में सुर्खियां बटोरी हैं। कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिए ये यात्रा 7 सितंबर को देश के दक्षिणी सिरे से शुरू हुई थी। अब 30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में लगभग 145 दिन और 3,500 किलोमीटर बाद समाप्त हो जाएगी। ये पैदल यात्रा लगभग पूरी तरह से खबरों में रही। भाजपा और कांग्रेस के बीच इस यात्रा से जुड़े कई मुद्दों को लेकर जमकर नोकझोंक भी हुईं।
भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत तमिलनाडु से हुई थी। तभी से भाजपा ने कांग्रेस व राहुल गांधी को तमाम मुद्दों पर घेरना शुरू कर दिया था। सबसे पहले बीजेपी ने गांधी की महंगी टीशर्ट पर सवाल उठाया था। उसने बताया था कि यात्रा के दौरान गांधी ने जो टीशर्ट पहनी है, उसकी कीमत कथित तौर पर 41000 रुपये है। इसपर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “10 लाख रुपये का सूट और 1.5 लाख रुपये का चश्मा” के साथ जवाबी हमला किया।वहीं, यात्रा के दौरान राहुल गांधी की दाढ़ी को लेकर भी दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग हुई।
असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने गुजरात में एक चुनावी रैली में कहा कि पूर्व कांग्रेस प्रमुख इराकी तानाशाह सद्दाम हुसैन की तरह दिखने लगे हैं। इसपर कांग्रेस ने ट्रोल करने का आरोप लगाया। इसके बाद राजस्थान में पार्टी में तब संकट खड़ा हो गया, जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को एक इंटरव्यू में ‘गद्दार’ कह दिया। हालांकि, इस मामले को समय रहते सुलझा लिया गया। पार्टी ने यात्रा से ठीक पहले एकता का प्रदर्शन किया।



