नई दिल्ली,20 फरवरी। फेसबुक (Facebook) ने अपनी लाइव वीडियो डाउनलोडिंग से जुड़ी नीति में बदलाव किया है। मेटा ने हाल ही में एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए घोषणा की कि उपयोगकर्ताओं के लाइव ब्रॉडकास्ट अब एक निश्चित समय के बाद ऑटोमैटिक रूप से हटा दिए जाएंगे। नई पॉलिसी के अनुसार, उपयोगकर्ताओं के प्रोफाइल या पेज से लाइव स्ट्रीम किए गए वीडियो 30 दिनों के बाद हटा दिए जाएंगे। फेसबुक ने पहली बार फरवरी 2016 में लाइव वीडियो फीचर लॉन्च किया था, जो अगस्त 2015 में फेसबुक मेंशन एप के रूप में आया था और बाद में फेसबुक लाइव के नाम से जाना जाने लगा।
19 फरवरी 2025 से लागू होगी नई पॉलिसी
मेटा ने पुष्टि की है कि 19 फरवरी 2025 से लाइवस्ट्रीम किए गए वीडियो 30 दिनों के बाद ऑटोमैटिक रूप से हट जाएंगे, हालांकि उपयोगकर्ताओं को इस समयावधि के भीतर अपने वीडियो डाउनलोड करने का अवसर मिलेगा। वीडियो हटाए जाने के बाद भी उपयोगकर्ताओं को 90 दिनों तक उन्हें डाउनलोड करने की सुविधा दी जाएगी।
हटाए गए वीडियो एक विशेष आर्काइव सेक्शन में चले जाएंगे और उपयोगकर्ताओं को ईमेल के जरिए वीडियो डाउनलोड करने की रिमाइंडर नोटिफिकेशन भी भेजी जाएगी। फेसबुक ने इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एक नया टूल भी पेश किया है, जिससे उपयोगकर्ता अपने लाइव वीडियो को इंडिविजुअली या एक साथ डाउनलोड कर सकते हैं।