मोगा, 15 फरवरी| एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे एक गर्भवती महिला और उसके पति की मौत हो गई। घटना कल शाम की है जब निधावाला गांव के रहने वाले बलकार सिंह (35) और उनकी पत्नी लवजीत कौर (32) एक शादी समारोह के लिए खरीदारी करके मोगा से अपने गांव लौट रहे थे।
घल कलां और ड्रोली के बीच स्थित पेट्रोल पंप के पास नानकसर क्लेर निवासी बाबा लक्खा सिंह ने तेज रफ्तार से दंपति की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि चार माह की गर्भवती लवजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बलकार सिंह को पहले मोगा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया। देर रात उनकी भी मौत हो गयी।
घटना के वक्त बाबा लाखा सिंह अपने काफिले के साथ फिरोजपुर साहिब जा रहे थे। पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना दिया। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर बाबा लक्खा सिंह और उसके साथी धरमिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी जब्त कर ली है और मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल मोगा के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



