जालंधर। सांसद सुशील कुमार रिंकू ने मंगलवार को संसद भवन में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की और खेलो इंडिया योजना के तहत जालंधर संसदीय क्षेत्र में खेल स्टेडियम बनाने की मांग की।
लोकसभा सदस्य सुशील रिंकू ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को जालंधर की खेल विरासत के बारे में जानकारी दी और कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने में यह कदम सार्थक साबित होगा।
सांसद ने आगे कहा कि खेलो इंडिया योजना के तहत जालंधर में खेल स्टेडियम शुरू करने के मुद्दे पर केंद्रीय खेल मंत्री ने सकारात्मक रुख जताया है और राज्य सरकार से इस प्रोजेक्ट को पास कर उनके पास भेजने को कहा है।
रिंकू ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत स्टेडियम निर्माण के लिए पांच से छह एकड़ जमीन की आवश्यकता है, जिसके लिए सरकारी जमीन का चयन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जगह का चयन कर प्रोजेक्ट पास कर केंद्रीय खेल मंत्रालय को भेजा जाएगा ताकि जल्द से जल्द इस पर आगे की कार्रवाई शुरू की जा सके।
सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पहले से ही राज्य में खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत कई पहल की जा रही हैं।



