दिल्ली। एम्स के डॉक्टरों ने गर्भ में एक बच्चे के अंगूर के आकार के दिल का सफल ऑपरेशन किया। डॉक्टरों ने बच्चे के बंद दिल के वॉल्व को खोलने के लिए बैलून डाइलेशन सर्जरी की। डॉक्टरों ने महज 90 सेकंड में सर्जरी पूरी कर दी। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। ऑपरेशन एम्स के कार्डियोथोरेसिक साइंस सेंटर में किया गया। एम्स के डॉक्टरों की एक टीम ने प्रक्रिया पूरी की।
जानकारी के मुताबिक 28 वर्षीय एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला पिछले तीन गर्भधारण खो चुकी थी। डॉक्टरों ने महिला को बच्चे के दिल की स्थिति के बारे में बताया और इसे ठीक करने के लिए ऑपरेशन की सलाह दी, जिस पर महिला और उसका पति राजी हो गए।
सर्जरी करने वाले डॉक्टर ने बताया कि बच्चे कि की गई सर्जरी का नाम बैलून डाइलेशन है। यह प्रक्रिया अल्ट्रासाउंड के मार्गदर्शन में की जाती है। इसके लिए हमने मां के पेट से बच्चे के दिल में सुई डाली। फिर एक बैलून कैथेटर की मदद से हमने बंद वॉल्व को खोला ताकि बेहतर रक्त प्रवाह हो सके। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि सर्जरी के बाद बच्चे के दिल का विकास बेहतर होगा और जन्म के समय दिल की बीमारियों का खतरा कम होगा।



