जालंधर, 10 फरवरी। शहर में वेरका ब्रांड के दूध की नई सप्लाई बंद हो गई है। दरअसल, वेरका दूध की सप्लाई करने वाली गाड़ियों के ड्राइवरों ने हड़ताल शुरू कर दी है, जिसके चलते करीब 40 गाड़ियां वेरका मिल्क प्लांट के अंदर रुक गई हैं। चालकों का आरोप है कि क्रेट में दूध के पैकेट लीक होने से हुए नुकसान का सारा दोष उन पर मढ़ा जा रहा है। कल रात से ड्राइवरों ने हड़ताल शुरू कर दी जो अब भी जारी है। अभी भी जालंधर और आसपास के शहरों में दूध की कोई नई सप्लाई नहीं हो रही है। फिलहाल ड्राइवर अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।



