मोहाली। अमृतपाल पर कार्रवाई के खिलाफ मोहाली में 90 घंटे से जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों पर पंजाब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के टेंट उखाड़ दिए हैं और रास्ता साफ कर दिया है। अमृतपाल को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब में चल रहे अभियान से नाराज उनके कुछ समर्थकों ने 18 मार्च की शाम से ही मोहाली में जाम लगा दिया था।
यहां कई युवक हाथों में तलवारें और डंडे लेकर खड़े थे। मंगलवार सुबह पंजाब पुलिस हरकत में आई और ऑपरेशन शुरू कर दिया। इसका विरोध करने वालों को हिरासत में लेने के लिए बसों को पहले से ही तैयार रखा गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उठाकर बसों में बिठा दिया। कई को हिरासत में लिया गया है।



