दसूहा- मुकेरियां। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि हेलीकॉप्टर समेत राज्य सरकार की पूरी मशीनरी लोगों की मदद में लगी हुई है और किसानों समेत सभी वर्गों को मुआवजा दिया जाएगा। वह यहां मुकेरियां में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने आये थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बारिश नहीं हुई, लेकिन हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पंजाब के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है।
उन्होंने इस संबंध में एक ट्वीट भी किया है और लिखा है- पंजाब में फिर से बाढ़ आ गई है.. लेकिन मैं हर दिन स्थिति से अवगत हो रहा हूं.. आज मैंने होशियारपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों के ग्राउंड जीरो का दौरा किया…वहाँ रह रहे लोगों से बातचीत की और लोगों से हिम्मत बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वक्त मुश्किल है लेकिन एक दूसरे कोे साथ गुज़र जाएगा… सरकार वादे के मुताबिक लोगों के सभी नुकसान की भरपाई करेगी… जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
इससे पहले उन्होंने कहा था कि यह संतोष की बात है कि जलस्तर पहले की तुलना में कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें वोट देकर चुना है और अब वह अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।



