लुधियाना। 29 मार्च को बसंत पार्क चौकी प्रभारी जरनैल सिंह को एक नशा तस्कर के परिजनों से 80 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। जरनैल सिंह की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। मालूम हो कि वह खुद भी ड्रग्स का सेवन करता था।
जब आरोपी का डोप टेस्ट कराया गया तो वह टेस्ट में फेल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने जब उससे कड़ी पूछताछ की तो उसने बताया कि वह कभी-कभी मौज-मस्ती के लिए ड्रग्स लेता है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने जांच में पाया कि जरनैल सिंह के पास धन्नासू गांव में एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, 1 हजार गज का डिपार्टमेंटल स्टोर, बैंक खाते में 25 लाख नकद और एक टोयोटा फॉर्च्यूनर भी है। जरनैल अपनी हैसियत से अधिक धन और संपत्ति का मालिक है। लुधियाना पुलिस ने जरनैल सिंह की आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में जरनैल सिंह का सौदा तय करने वाले नशा तस्कर अमृतपाल सिंह चीनू और परविंदर कुमार उर्फ विक्की धवन को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने जरनैल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।



