लुधियाना। यहां एक दुखद खबर सामने आई है। विवाहिता की उसके पति व ससुराल वालों द्वारा कथित तौर पर पिटाई व प्रताड़ित करने के बाद विवाहिता ने जान दे दी। विवाहिता की पहचान 37 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है। इस घटना के संबंध में थाना टिब्बा पुलिस ने मृतका के पिता न्यू करमसर कॉलोनी निवासी अशोक कुमार के बयान पर मृतका के आरोपी पति बिट्टू वर्मा, देवर रमन व सास राम मूर्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अशोक कुमार के मुताबिक बेटी मीनाक्षी की शादी करीब 5 साल पहले न्यू शक्ति नगर निवासी बिट्टू वर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसका पति बिट्टू व ससुराल वाले उसकी बेटी मीनाक्षी को दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने लगे। कई बार दोनों परिवार का राजीनामा होने के बावजूद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
इस बीच मीनाक्षी ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद भी बिट्टू अपनी पत्नी को खूब मारता पीटता था। 30 मई को मीनाक्षी को उसके पति, देवर और सास ने बहुत पीटा था। मारपीट के बाद मीनाक्षी अपने माता-पिता के घर लौट आई और अपने बेटे को सुभाष नगर में किराए के मकान में छोड़ गई।
कुछ देर बाद पिटाई से मानसिक रूप से परेशान मीनाक्षी ने कुछ खा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर मीनाक्षी को इलाज के लिए चंडीगढ़ लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।



