लुधियाना, 09 अक्तूबर । यहां के कस्बा जगराओं में देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि 4 घायल हो गए। हादसा देर रात 12.30 बजे गोबिंद कॉलोनी डिस्पोजल रोड पर राजा ढाबा के सामने हुआ। यहां करीब 25 फीट ऊंचे पुल से तेज रफ्तार कार गिई।
गाड़ी में 5 युवक सवार थे। सभी युवक लुधियाना से जगराओं आ रहे थे। इस बीच कार असंतुलित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई और फिर पुल से नीचे गिर गई। कार में सवार अंकित लूथरा नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके 4 दोस्त गंभीर घायल हो गए।
राहगीरों ने कार में सवार युवकों को बाहर निकाला। चारों घायलों को जगराओं के कल्याणी अस्पताल ले जाया गया, यहां से तीन युवकों को लुधियाना डीएमसी में रेफर कर दिया गया है। घायलों में से तीन की पहचान जतिन बांसल, रिंकल अरोड़ा और पंकज बांसल के रूप में हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक इलाके में सीसीटीवी भी चेक करेंगे, ताकि हादसे के असली कारणों का पता चल सके।



