लुधियाना, 19 अक्तूबर। लुधियाना में एक महिला को अपनी शादी का लहंगा OLX पर ऑनलाइन बेचना महंगा पड़ गया। जैसे ही महिला ने OLX पर लहंगा बेचने के लिए पोस्ट किया तो 5 मिनट के अंदर एक शख्स का कॉल आया। वह उनसे लहंगे की कीमत पूछता है और उसे खरीदने की बात करता है। महिला ने लहंगे की कीमत 5 हजार रुपये बताई। जिसके बाद नौसरबाज ने कहा कि वह ऑनलाइन पेमेंट कर देगा।
नौसरबाज ने महिला को क्यूआर कोड भेजा। नौसरबाज ने गूगल पे पर पहला ट्रांजैक्शन 10 रुपये का किया। महिला को विश्वास में लेकर उसने उसे दोबारा क्यूआर कोड भेजा और उसे स्कैन करने को कहा। जैसे ही महिला ने नौसरबाज का कोड स्कैन किया तो महिला के खाते से दो ट्रांजैक्शन में कुल 48 हजार रुपये निकल गए। महिला ने आरोपी के खिलाफ थाना सराभा नगर की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित महिला खुशविंदर कौर ने बताया कि वह ईश्वर नगर ब्लॉक-सी की रहने वाली है। उन्होंने अपनी शादी का लहंगा बेचने के लिए OLX पर पोस्ट किया था। उन्हें तुरंत नौसरबाज का फोन आया कि उन्हें लहंगा पसंद आया है, वह अपने दोस्त को घर भेजकर लहंगा ले आएंगे और ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं। ठग ने फोन पर बात करते हुए क्यूआर कोड से पैसे निकाल लिए।
खुशविंदर ने बताया कि उन्होंने तुरंत 12 अक्टूबर की रात को ऑनलाइन साइबर क्राइम में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। साथ ही पुलिस आयुक्त से उक्त ठगों को गिरफ्तार कर उनके पैसे वापस दिलाने की भी मांग की है।



