नई दिल्ली। मणिपुर हिंसा पर गुरुवार को भी संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके कारण सिर्फ 6 मिनट बाद ही स्पीकर ओम बिड़ला को कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। उधर, राज्यसभा में भी विपक्ष के सांसद तख्तियां लेकर पहुंचे और प्रधानमंत्री सदन में आओ, सदन में आके कुछ तो बोलो, प्रधानमंत्री चुप्पी तोड़ो… जैसे नारे लगाते देखे गए। यह देख NDA के सांसद मोदी…मोदी… के नारे लगाने लगे, तो विपक्ष ने I.N.D.I.A… I.N.D.I.A के नारे लगाए। नारेबाजी के बीच पहले राज्यसभा 12 बजे तक और उसके बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के सभी सांसद सुबह मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर विरोध जताने काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे।
लोकसभा स्पीकर ने विपक्षी सदस्यों को फटकारा
लोकसभा में हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने कड़ी फटकार लगाई। स्पीकर ने कहा कि पूरा देश देख रहा है, आपके उसके सामने कैसा उदाहरण पेश करना चाहते हैं। हंगामा न रुकता देख स्पीकर ने सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
राज्यसभा में मोदी Vs I.N.D.I.A नारे लगे
राज्यसभा में भी जमकर हंगामा हुआ। राज्यसभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर जब बयान दे रहे थे। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के जवाब में बीजेपी सांसदों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाने शुरू किए। थोड़ी ही देर में विपक्ष ‘I.N.D.I.A,I.N.D.I.A’ के नारे लगाने लगा। शोर की वजह से विदेशी मंत्री की आवाज समझ में ही नहीं आ रही थी।शोर ना थमता देख सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को 12 बजे तक स्थगित कर दिया।



