लखनऊ। अफेयर को लेकर विवादों में आईं पीसीएस अफसर ज्योति मौर्या ने पति अलोक कुमार मौर्या के साथ विवाद को विशुद्ध पारिवारिक बताया है। उन्होंने कहा कि इस विवाद का उनके एसडीएम होने या फिर पति के सफाईकर्मी होने से कोई लेनादेना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस बात पर कोई सफाई नहीं देना चाहती कि यह विवाद क्यों और कब से शुरू हुआ।
ज्योति मौर्या ने कहा कि उनका मैट्रिमोनियल का केस इस विवाद से पहले ही कोर्ट में चल रहा है। उन्हें जो भी कहना होगा कोर्ट में कहेंगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनके तलाक का केस देश का पहला मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरे पति का सफाईकर्मी होने से कोई विवाद नहीं है। पूरा मुद्दा पति और पत्नी का है। उन्होंने झूठ बोलकर शादी की लेकिन यह कोई मुद्दा नहीं है।
अफेयर को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कोई बात नहीं करनी है। यह मेरा पर्सनल मैटर है। अब मामला कोर्ट में है और मुझे जो कुछ कहना है, वहां कहूंगी। ज्योति मौर्या ने कहा कि यह पूरा विवाद ही पति और पत्नी का है। विवाद कब और कैसे शुरू हुआ इस सवाल पर उन्होंने कहा कि क्या अब आप घर में घुसकर देखेंगे कि पति-पत्नी के बीच विवाद कैसे शुरू होता है। मेरा तलाक का केस क्या पहला केस हैं।



