जालंधर, 22 जनवरी। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद आज प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस खुशी में पूरा देश भक्तिमय हो गया है। जिधर देखो उधर लोगों में चाहत और उत्साह नजर आता है। स्कूलों में भी छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। हर घर की छत को श्री राम की छवि वाले झंडों से सजाया गया है। लोग इस दिन को दिवाली की तरह मना रहे हैं। जगह-जगह लंगर की तैयारियां की जा रही हैं।
अगर बात करें जालंधर की तो यहां भी एक अलग तरह का माहौल है। यहां के सबसे पवित्र और प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर को चारों ओर से सजाया गया है। सुबह से ही मंदिर में भक्तों के जयकारे शुरू हो गए हैं। श्री देवी तालाब मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में 1.21 लाख दीपक जलाए जाएंगे, जिसकी तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं। श्रद्धालु अपने घरों से भी दीपक ला रहे हैं।



