चंडीगढ़, 2 अक्टूबर। पंजाब में पाकिस्तान से ड्रोन घुसपैठ के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रत्येक ड्रोन की जांच की जिम्मेदारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान से ड्रोन घुसपैठ की जांच के दौरान विदेश में बैठे आतंकियों, गैंगस्टरों और तस्करों के गठजोड़ का खुलासा होने के बाद गृह मंत्रालय ने यह फैसला लिया है।
इस संबंध में पुख्ता सबूत मिलने पर इन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश करने की तैयारी चल रही है। अब पाकिस्तान अपनी रणनीति बदलने की कोशिश कर रहा है और बड़े हथियारों की जगह चीन और यूरोप में बने छोटे हाईटेक हथियारों की सप्लाई कर बड़ी वारदातों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा है।
विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त बैठक में प्रत्येक ड्रोन की एनआईए जांच की योजना तैयार की गई। बैठक में पंजाब पुलिस, बीएसएफ, पंजाब इंटेलिजेंस और एनआईए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। डीजीपी गौरव यादव का कहना है कि पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



