नई दिल्ली, 12 अक्तूबर।भारत ने इजराइल से अपने देश लौटने के इच्छुक भारतीयों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू करने की घोषणा कर दी है। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब हमास कट्टरपंथियों और इजराइल के बीच सैन्य संघर्ष पांचवें दिन भी जारी है। केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “हम इजरायल से लौटने के इच्छुक अपने नागरिकों की वापसी के लिए ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू कर रहे हैं।”
जयशंकर इस समय श्रीलंका के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा, ”विशेष चार्टर उड़ानें और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है। हम विदेश में अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”
भारतीयों का पहला जत्था गुरुवार को विशेष उड़ान से इजराइल से वापस लाया जाएगा। जयशंकर की घोषणा के तुरंत बाद, इज़राइल में भारतीय दूतावास ने कहा कि उसने गुरुवार को विशेष उड़ान के लिए पंजीकरण कराने वाले भारतीय नागरिकों के पहले बैच को एक ई-मेल भेजा था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने कहा, ”अगली उड़ानों के लिए अन्य पंजीकृत लोगों को संदेश भेजे जाएंगे।” अनुमान के मुताबिक, लगभग 18,000 भारतीय इस समय इज़राइल में फंसे हुए हैं।



