संगरूर,7 सितम्बर। कारी मुहम्मद आदिल मोहतमिम मदरसा तालीम अल-कुरान मुजफ्फरनगर ने संवाददाता से बात करते हुए कहा कि इदारा तहफ्फुज ए मसाजिद व मसाजिद एंड वेलफेयर सोसाईटी (रजि.) पंजाब के तत्वधान में मस्जिद उमर गांव नथ तहसील धूरी जिला संगरूर पंजाब का निर्माण कार्य सम्पन्न हुआ।एवं पिछले दिनों इस मस्जिद में मुफ्ती अब्दुल मलिक कासमी अध्यक्ष जमीयत उलमा जिला संगरुर व मोहतमिम दारुल उलूम मालेरकोटला की अगुवाई में पहली जोहर की नमाज अदा की गई।
इस अवसर पर एक बड़ा समागम भी रखा गया जिस में आस पास के पंजाबी मुसलमान एवं सिख भाईचारे के लोगों ने भी शिरकत की। समागम की अध्यक्षता व सरपरस्ती मौलाना मुहम्मद शाहिद मजाहिरी मोहतमिम मदरसा फलाहे दारैन व खलीफा मौलाना अब्दुस सत्तार मिफताही ने की। जब कि विशेष अतिथि के रुप में कारी अबरार, कारी मुहम्मद तालिब, हाजी मुहम्मद आसिफ एवं मुफ्ती मुहम्मद अमजद उप अध्यक्ष जमीयत उलमा दिल्ली शामिल हुए।
मौलाना मुहम्मद शाहिद मजाहिरी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब में नए मदरसों और मस्जिदों की स्थापना और पुरानी मस्जिदों की व्यवस्था और रखरखाव का काम जिस तेजी से आगे बढ़ा है, वह बहुत स्वागत योग्य है। आपने कहा कि हमें अपनी मस्जिदें मस्जिद नबवी की तर्ज पर स्थापित करनी चाहिए। मस्जिद नबवी में इबादत के अलावा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की जाती थी और हमारे पैगंबर मस्जिद नबवी के मंच से महत्वपूर्ण फरमान जारी करते थे और मुस्लिम और गैर-मुस्लिम विभिन्न प्रकार के लोग उनसे मुलाकात करते और महत्वपूर्ण मुद्दों को निपटाने के लिए मस्जिद नबवी आया करते थे।
मुफ्ती मुहम्मद आरिफ लुधियानवी संयोजक जमीयत उलेमा हरियाणा- पंजाब ने मस्जिद का निर्माण कार्य पूरा होने पर कारी मुहम्मद आदिल और नथ के निवासियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि इस गांव के लोग इस मस्जिद के मंच से इबादत और सेवा सृजन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को अंजाम देन का हर संभव प्रयास करेंगे । कारी मुहम्मद आदिल मोहतमिम मदरसा तालीम अल-कुरान मुजफ्फरनगर और कारी मुहम्मद मुर्सलीन मोहतमिम मदरसा दारुल उलूम कादिरिया बसियां रायकोट ने सिख- मुस्लिम के आपसी रिश्तों पर मनमोहक अंदाज में रोशनी डाली और वहां मौजूद सिख भाइयों ने भी इस मौके को बेहद यादगार और महत्वपूर्ण बताया।
अध्यक्ष माननीय मौलाना मुहम्मद शाहिद मजाहिरी मोहतमिम मदरसा फलाहे दारैन खाता खेड़ी सहारनपुर की दुआ के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। भाग लेने वालों में मुहम्मद सिद्दीक प्रधान, कुलदीप सिंह प्रधान गुरुद्वारा नथ, अब्दुल मजीद, नाजिर सिंह, मगरसिंह, मौलाना अब्दुल कुद्दूस इमाम- खतीब मस्जिद दुग्गा, कारी अबरार इमाम-खतीब बहादुरपुर, कारी अब्दुल कादिर इमाम और खतीब मस्जिद भमा बद्दी आदि के नाम उल्लेखनी हैं।




