नई दिल्ली। ऑनलाइन बैंकिंग के दौर में हम मिनटों में किसी को भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। लेकिन यह सुविधा जितनी आसान है उतनी ही जोखिम वाली भी है। क्योंकि कई बार हम जल्दबाजी में गलत शख्स के बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कर देते हैं। जरा सी चूक पर पैसा किसी अनजान व्यक्ति को पहुंच जाता है। अगर आपसे भी गलती से गलत बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर हो जाए तो क्या करना? अपना पैसा वापस पाने के लिए आपको कौन से कदम उठाने होंगे?
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक ग्राहक को हाल ही में इसी समस्या का सामना करना पड़ा और उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर इसकी शिकायत की। जिसके बाद बैंक ने उस व्यक्ति को उसके पैसे वापस पाने का तरीका बताया। आइए जानते हैं कि अगर, पैसा ट्रांसफर करते समय गलती हो जाए तो क्या करें?
रवि अग्रवाल नाम के एक ग्राहक ने ट्विटर पर एक पोस्ट किया, ‘प्रिय @TheOfficialSBI मैंने गलती से गलत अकाउंट में पैसा ट्रांसफर कर दिया। मैंने हेल्पलाइन द्वारा बताए अनुसार सारी जानकारी अपनी शाखा को दे दी है। फिर भी मेरी शाखा रिवर्सल के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रही है। कृपया मदद करें, इस सवाल के जवाब में, SBI के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में बताया गया है कि अगर आपने गलत बैंक खाते में पैसे भेजे हैं तो आपको क्या कदम उठाने होंगे।
यदि किसी ग्राहक ने पैसे ट्रांसफर करते समय गलत बैंक अकाउंट नंबर दर्ज किया है, तो उसे होम ब्रांच से संपर्क करना होगा। फिर, होम ब्रांच बिना किसी आर्थिक देनदारी के दूसरे बैंक के साथ अनुवर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। SBI ने कहा कि यदि मामला शाखा में हल नहीं होता है, तो ग्राहक https://crcf.sbi.co.in/ccfunder व्यक्तिगत खंड/ व्यक्तिगत ग्राहक पर शिकायत दर्ज कर सकता है। इसके अलावा NPCI पोर्टल पर भी शिकायत कर सकते हैं।



