चंडीगढ़। लुधियाना पुलिस ने पूर्व कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह कोटभाई और पांच अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस को लुधियाना के शिंदर सिंह से शिकायत मिली थी कि कोटभाई और अन्य ने उनके चाचा निर्मल सिंह भंगू के खिलाफ दर्ज मामलों में जमानत दिलाने के बहाने 3.5 करोड़ रुपये की ठगी की थी। निर्मल सिंह भंगू पर्ल ग्रुप के एमडी हैं और पर्ल चिट फंड घोटाले के मुख्य आरोपी हैं। वह वर्तमान में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि जांच के बाद 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है उनमें प्रीतम सिंह कोटभाई, जीवन सिंह, दिलीप कुमार त्रिपाठी, संजय शर्मा, सईद परवेज रहमाज और धर्मवीर शामिल हैं। जीवन, धर्मवीर और दिलीप को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक भंगू के रिश्तेदार लुधियाना निवासी शिन्दर सिंह की पूर्व विधायक प्रीतम सिंह कोटभाई से बठिंडा जेल में मुलाकात हुई थी। शिंदर ने पुलिस को अपने बयान में कहा है कि कोटभाई पूर्व विधायक ने भंगू खिलाफ सभी केस खारिज करवाने के लिए पांच करोड़ की मांग की थी। कोटभाई ने कहा था कि उनकी सरकार में ऊपर तक जान पहचान है और उन्होंने खुद के भी कई केस खारिज करवाए हैं।
इसके बाद तिहाड़ जेल में बंद भंगू 3.5 करोड़ एडवांस और 1.5 करोड़ काम होने के बाद देने को राजी हो गए थे। उन्होंने यह पैसा बाजार से ब्याज पर लिया था। पैसा प्रीतम सिंह कोटभाई के कहने पर डीडी के जरिए अलग-अलग फर्मों में ट्रांसफर कर दिया गया था। पैसा जमा कराने के बाद भंगू को पता चला कि जिन फर्मों में यह पैसा ट्रांसफर किया गया वे सब फर्जी थीं। पुलिस ने धारा 406, 420, 467, 468, 471, और 120 बी के तहत मामला दर्ज किया है।



