नवांशहर, 20 नवंबर | रूपनगर नेशनल हाईवे पर भरथला गांव के पास एक ट्रक ने आगे जा रही होंडा सिटी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार आगे चल रही मोटरसाइकिल से टकरा गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सड़क सुरक्षा बल टीम के प्रभारी ए.एस.आई. कुलदीप कुमार ने बताया कि राहगीरों से सूचना मिलने पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की तो पता चला कि ट्रक मौर निवासी मुजफ्फर जमीर चला रहा था। वह रोपड़ जा रहा था। जब ट्रक भरथला गांव के पास पहुंचा तो ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और उसने आगे जा रही होंडा सिटी कार को टक्कर मार दी। कार बलवीर सिंह निवासी अमृतसर चला रहा था।
उन्होंने बताया कि ट्रक से टकराने के बाद होंडा सिटी कार अनियंत्रित हो गयी और आगे जा रही मोटरसाइकिल से टकरा गयी। मोटरसाइकिल सवार ओमनाथ निवासी सुरपुर थाना काठगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के वक्त वह ड्यूटी पर जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। एसएसएफ टीम ने घायल ओमनाथ को एंबुलेंस से इलाज के लिए सिविल अस्पताल रोपड़ पहुंचाया। इस बीच बाधित यातायात को सुचारू कर दिया गया।



