झुंझुनूं। राजस्थान में रेप और गैंगरेप की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। अब झुंझुनूं शहर में एक नाबालिग लड़की के साथ कैफे में रेप किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामला सामने आते ही पुलिस आरोपी की तलाश के लिए सक्रिय हो गई है। लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवा लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच करने में जुटी है। वारदात झुंझुनूं शहर के कोतवाली इलाके में हुई बताई जा रही है। कोतवाली थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया कि वारदात झुंझुनूं शहर के मंडावा मोड़ स्थित एक कैफे में हुई है। पीड़िता अलसीसर इलाके की रहने वाली है।
ग्रामीण क्षेत्र की इस पीड़िता ने परिजनों के साथ उपस्थित होकर कोतवाली थाने में इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता की ओर से रिपोर्ट दिए जाने के बाद कोतवाली पुलिस ने उसका मेडिकल करवा लिया है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का भी मौके मुआयना कर लिया है।
थानाधिकारी ठोलिया ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया है। दोनों टीमें आरोपी की तलाश में जुटी है। लेकिन उसका अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। आरोपी के बैकग्राउंड का पता लगाया जा रहा है। वहीं उसके संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में रेप और गैंगरेप की वारदातें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बीते दिनों हुई रेप और गैंगरेप की वारदातों में कई पीड़िताएं नाबालिग हैं। रेप के कई मामलों को लेकर पिछले दिनों लोग सड़कों पर भी आए और धरने प्रदर्शन भी किए गए हैं। वहीं इन मामलों को लेकर बीजेपी कई बार प्रदेश की गहलोत सरकार को घेर चुकी है। एनसीआरबी के पिछले दिनों जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक राजस्थान रेप और गैंगरेप की वारदातों के मामले में देश में पहले पायदार पर है।



