पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से युवाओं के बेतुके और खतरनाक जुनून का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जहां पर एक नौजवान नामी बदमाश बनने का रील बनवा रहा था। इसी के चलते एक लड़के को मारते हुए वीडियो वायरल हो रही है। वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित लड़के के पिता ने थाने में तहरीर दी है और अब रील बनाने वाले लड़के के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
वायरल करने वाले भी यह युवा खुद ही हैं। इनकी इस सनक से गांव के एक लड़के की जिंदगी पर बन आई थी। इनका मकसद गांव के एक लड़के के कत्ल का लाइव वीडियो बनाकर वायरल करना था। दरअसल ये पूरा मामला पीलीभीत जिला के बरखेड़ा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जहां के रहने वाले वेदप्रकाश का नाबालिग पुत्र 11 जुलाई को सुबह 10 बजे नगरा चौराहे पर बाल कटवाने गया था।
वहां पास के ही गांव शाहपुरा का सोमपाल अपने एक साथी के साथ मौजूद था। वह वेदप्रकाश के बेटे को बाइक पर बैठाकर जंगल ले गया। जंगल में पहुंचते ही सोमपाल मारपीट शुरू करते हुए अपने साथी से वीडियो बनवाने लगा। सोमपाल गुस्से में कह रहा था कि उसे इलाके का ऐसा बदमाश बनना है जिसके नाम की दहशत हो। इसके लिए वह मर्डर की लाइव वीडियो बनाकर वायरल करेगा।
बताया जा रहा है कि सयोंगवश इसी बीच कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए जिससे सोमपाल और उसके साथी को भागना पड़ा, लेकिन इसके बाद बेदप्रकाश का बेटा दहशत की वजह से घटना पिता को बताए बगैर सितारगंज अपने ताऊ के घर चला गया। इधर सोमपाल ने जितनी वीडियो यानि कि वेदप्रकाश के बेटे को बेदर्दी से पीटने की जो अपने साथी से बनवाई थी वही खुद वायरल कर दी।
यह वायरल वीडियो वेदप्रकाश के पास पहुंचने के बाद उसके होश उड़ गए। उसने बेटे को बुलाकर पूरा मामला समझा और पुलिस के पास पहुंच गया। वेदप्रकाश का कहना है कि सोमपाल और उनके साथी को नामी बदमाश बनने की सनक है जिसके चलते वह उनके बेटे की हत्या कर सकता है।
फिलहाल पीलीभीत जिले के एडिशनल एसपी अनिल कुमार का कहना है कि मामला जानकारी आने के बाद बरखेड़ा पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी है। गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।



