पलामू, 10 अक्तूबरः जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के दीनादाग के बरगाही गांव में पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में गिरने से भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों पास के स्कूल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गड्ढे में जा गिरे। सोमवार देर शाम दोनों के शव गड्ढे से बरामद किए गए। उनकी पहचान लालदेव यादव के पुत्र नीतीश कुमार (7) व पुत्री किरण कुमारी (10) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार एनएच निर्माण में लगी शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी दीनादाग के बरगाही गांव से सड़क चौड़ीकरण के लिए मिट्टी काटकर ले गई जिससे बड़ा गड्ढा बन गया। गड्ढे में बरसात का पानी जमा हो गया था। इसी गड्ढे में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई। गड्ढे से सटकर देवगन-रेंगनिया सड़क जाती है। बच्चे इसी सड़क से होकर स्कूल आते जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी से कई बार गड्ढों को भरने के लिए आग्रह किया गया था, बावजूद कंपनी की ओर से कोई पहल नहीं की गई। परिजनों ने बताया कि स्कूल से छुट्टी होने के बाद दोनों बच्चे घर आ रहे थे। इसी क्रम में दीनादाग पंचायत भवन के पास बने गड्ढे में दोनों बच्चे गिर गये। स्कूल साथ गए बच्चे गांव में पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। गांव के लोग घटनास्थल पहुंचे, तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।
पंचायत की मुखिया सविता देवी ने बताया कि शिवाल्या कंस्ट्रक्शन की लापरवाही के कारण दोनों बच्चों की मौत हुई है। मुखिया ने मृतक बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही गड्ढों को तार से घेराव कराने की बात कही है, ताकि घटना की पुनरावृति न हो सके।



