चंडीगढ़। पाकिस्तान में हिंदुओं और सिखों पर अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। श्री ननकाना साहिब पाक में एक सिख परिवार पर कई लोगों ने हमला किया है। दो सिख भाइयों के केसों की बेअदबी की भी जानकारी मिल रही है। बीजेपी नेता मनजिंदर सिरसा ने इस घटना की जानकारी ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा कि रमजान गोगी, आसिफ नन्ना, इकबाल, सलमान और अनवर, खोर शाही, बीबी सैदी और जुबादा जैदी ने 21 जनवरी को सिख परिवार पर हमला किया था।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भी पाकिस्तान के जिला ननकाना साहिब में दो सिख भाइयों के केसों की बेअदबी के मामले की कड़ी निंदा की है। अधिवक्ता धामी ने कहा कि पाकिस्तान में सिखों पर पहले भी कई बार हमले हो चुके हैं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई उचित कार्रवाई नहीं की जाती है।
मोैजूदा मामले में भी पुलिस ने किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, लेकिन सिखों पर दबाव बनाया जा रहा है। अधिवक्ता धामी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकिस्तान सरकार से आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने भारत सरकार से राजनयिक स्तर पर पाकिस्तान सरकार से बातचीत कर सिखों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की।



