सिरसा। घग्गर नदी का जलस्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में घग्गर नदी पर अब तक पांच स्थानों पर बांध टूट चुके हैं। जिससे 10 गांवों की हालत बेहद खराब हो गई है। हालांकि, अभी तक किसी गांव में बाढ़ नहीं आई है। इसके साथ ही सिरसा से सटे पंजाब के झंडा गांव से घग्गर नदी का बांध टूटने से पानी तेजी से सिरसा के गांवों में पहुंच रहा है। जिससे मुसाहिबवाला पनिहारी समेत आसपास के गांवों की हालत खराब होने का खतरा है।
किसान और ग्रामीण अब गांव को बचाने और खेतों के किनारे बने तटबंध को तोड़ने में जुट गए हैं। उधर, सरदूलगढ़ से घग्गर नदी में अभी भी 52 हजार क्यूसेक पानी पहुंच रहा है। मीरपुर से घग्गर का छोटा बांध टूटने से पानी अब घग्गर के बड़े बांध के साथ-साथ ओटू हेड तक पहुंच गया है। इससे घग्गर नदी के बीच में लगी सात हजार एकड़ फसल चार से पांच फीट पानी में डूब गई है। ऐसे में घग्गर के बीच में स्थित छोटा पुल भी बंद हो गया है और गांवों का संपर्क एक-दूसरे से कट गया है।
प्रशासनिक अधिकारी लगातार गांवों के बांधों का निरीक्षण कर रहे हैं। हाई रिस्क वाले गांवों में अब किनारों को मिट्टी की बोरियां डालकर मजबूत किया जा रहा है, ताकि घग्गर के पानी से गांवों में बाढ़ न आए। इसके साथ ही पनिहारी क्षेत्र के 10 गांव घग्गर के पानी में डूब गए हैं। घग्गर ने बुर्ज करमगढ़ गांव को चारों तरफ से पानी से भर दिया है। उधर, नेशनल हाईवे की मुख्य सड़क पर पानी नहीं भरने से आवागमन हो रही है।



