ग्वालियर। 15 साल की नाबालिग से रेप के बहुचर्चित मामले में सीबीआई की जांच में नया खुलासा हुआ है। सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि पीड़िता के साथ आरोपी ने रेप नहीं किया था, बल्कि पीड़िता ने अपने मुंहबोले भाई के साथ फिजिकल रिलेशन बनाए थे। उसके बाद शख्स को किसी कारण से फंसाने के लिए उस पर आरोप मढ़ दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में कर दी थी। इसकी वजह से इस मामले में कुछ पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिरी थी। अब सीबीआई जांच में सारी कहानी साफ हो गई है। सीबीआई ने लड़की को नाबालिग मानने से भी इनकार कर दिया है।
याद रहे कि आरोप लगाने वाली 15 साल की लड़की ग्वालियर की सीपी कॉलोनी इलाके में रहती है। उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी कि वह एक ठेकेदार के घर में रहती है और उसके घर में साफ-सफाई का काम करती है। 31 जनवरी 2021 की रात 8 बजे ठेकेदार का पोता अपने दोस्त के साथ आया। उसने घर का दरवाजा खटखटाया। उसने जब दरवाजा खोला तो फिर दोनों ने अंदर आकर उसके साथ गलत काम किया। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत होने के बाद पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी पर रेप और दूसरे पर धमकाने का केस दर्ज कर लिया था। हालांकि, पुलिस को इस मामले में पीड़िता की कहानी पर संदेह था।



