जालंधर, 4 अक्तूबर | अगर आप कैपरी या शॉर्ट्स पहनकर जालंधर पुलिस स्टेशन डिवीजन नंबर 4 में जा रहे हैं तो सावधान हो जाएं। थाने के बाहर खड़े संतरी ऐसी पोशाक पहनने वालों को अंदर नहीं आने देंगे। थाना प्रभारी ने थाने में आने वाले लोगों के लिए ड्रैस कोड लागू कर दिया है। थाने के मुख्य गेट पर एक जगह नहीं बल्कि 2 जगहों पर नोटिस चिपकाया गया है कि थाने में कैपरी निक्कर पहनकर आना मना है।
हालांकि थाने में अपनी शिकायत लेकर आने वालों के लिए डीजीपी कार्यालय या पुलिस कमिश्नर कार्यालय से कोई आदेश नहीं है, लेकिन अपने स्तर पर थाना डिवीजन नंबर 4 में यह नोटिस चस्पा कर दिया गया है। जब इस संबंध में थाना सदर के कर्मचारियों से पूछा गया तो उनका तर्क था कि अगर कोई कैपरी या शॉर्ट्स पहनकर सरकारी दफ्तर में जाता है तो अच्छा नहीं लगता है। ये हमारी संस्कृति नहीं है।



