चंडीगढ़। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रवीर रंजन और उनकी पत्नी एक दुर्घटना में घायल हो गए। हादसा चंडीगढ़ के लेक क्लब में एक शादी समारोह के दौरान हुआ। तेज हवा के कारण यहां लगा टेंट खंभे सहित नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से डीजीपी, उनकी पत्नी व डीएसपी गुरमुख सिंह घायल हो गए। चंडीगढ़ के एस.एच.ओ की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था।
हादसे के बाद डी.जी.पी को उनकी पत्नी और डी.एस.पी समेत सेक्टर 16 के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें पी.जी.आई रेफर कर दिया गया। यहां ट्रामा सेंटर में डी.जी.पी और उनकी पत्नी का इलाज किया गया। डी.जी.पी के सिर में 12 टांके लगे हैं और उनकी पत्नी मालविका को भी 4 टांके लगे हैं। बाद में दोनों को छुट्टी दे दी गई। जबकि डी.एस.पी गुरमुख सिंह के सिर, कंधे और पीठ में चोटें आई हैं।
यह घटना सेक्टर तीन थाने के एस.एच.ओ सुखदीप सिंह की बेटी की शादी समारोह में हुई। उन्होंने डी.जी.पी और उनके परिवार को न्यौता दिया था। जानकारी के अनुसार लेक क्लब में टेंट आदि लगाने की व्यवस्था एक बाहरी ठेकेदार ने की थी। टेंट खुले में गाड़ दिए जाने और तेज हवा के दबाव के कारण टेंट उखड़ गया और यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस लापरवाही के एंगल से भी घटना की जांच कर रही है।



