कटनी। जिले के कुठला थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ एक हवलदार का शव पुलिस क्र्वाटर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि उमरियापान थाना क्षेत्र में बने पुलिस क्र्वाटर में रहने वाले सत्येन्द्र शुक्ला कुठला थाने में प्रधान आरक्षक के पद पदस्थ थे। शनिवार को उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को माधवनगर क्षेत्र में रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां भेजा था। जिसके बाद वो कुठला थाने में ड्यूटी करने चले गए। डय्टी के बाद सत्येन्द्र शुक्ला उमरियापान स्थित अपने क्र्वाटर चले गए। रविवार को जब उनका परिवार माधवनगर से उमारियापान पहुंचा तो घर के अंदर दरवाजे के ऊपर बनी खिड़की से उनका शव लटका हुआ मिला।
सूत्रों से पता चला है कि आरक्षक सत्येन्द्र शुक्ला की पोस्टिंग कुठला थाने में थी। उनकी सेवानिवृत्ति भी नजदीक थी। अधिकारियों की प्रताड़ना से आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है।



