चंडीगढ़, 12 दिसंबर | पहाड़ों पर बर्फबारी का असर पंजाब-चंडीगढ़ में साफ दिख रहा है। पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार गिर रहा है और ठंड बढ़ती जा रही है।
इसके साथ ही पंजाब में न्यूनतम तापमान 2 से 8 डिग्री के बीच है, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला में शीत लहर का असर है। यहां 15 दिसंबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ जारी है, जिसके कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है, लेकिन इसका असर मैदानी इलाकों में नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक पंजाब में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।



