संगरूर, 7 मार्च । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दोपहर करीब 12 बजे संगरूर पहुंचेंगे। इस दौरान वह मिशन रोजगार के तहत 2487 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। यह कार्यक्रम संगरूर के लड्डा कोठी में आयोजित किया जा रहा है। हाल ही में बजट सत्र में पंजाब में दी जा रही नौकरियों पर खूब चर्चा हुई। कयास लगाए जा रहे हैं कि आज सीएम मान विपक्ष को अपने अंदाज में जवाब दे सकते हैं।
पंजाब सरकार अब तक 40,437 युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। 2487 और सरकारी नौकरियों का वादा करने वाले नियुक्ति पत्र आज सौंपे जाएंगे। सीएम मान ने कल बजट बहस के दौरान भी इन नौकरियों का जिक्र किया था। इस बीच बड़ी संख्या में पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र भी दिये जा रहे हैं।
बजट सत्र के दौरान सदन में विपक्ष ने पंजाब सरकार द्वारा दी गई 40,437 सरकारी नौकरियों का ब्योरा मांगा था। सदन में विपक्ष को जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा था कि वह अपने साथ पूरा रिकॉर्ड लेकर आये हैं और गुरुवार को 2487 और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं।
बजट सत्र के दौरान राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को कांग्रेस की ओर से बोलने की इजाजत नहीं दी गई। राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान और बजट पर बहस के दौरान भी कांग्रेस ने खूब शोर-शराबा किया।



