चंडीगढ़, 5 अक्तूबर | यहां सैक्टर-33 टेरेस गार्डन के पास बड़ा हादसा हो गया। मरम्मत के दौरान एक बूथ की छत गिर गई, जिसमें 4 मजदूर फंस गए। इस घटना में 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें पहुंच गई हैं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार शाम को हुआ। बताया जा रहा है कि वे यहां एक कैफे शॉप खोलने वाले थे, जिसके लिए पिछले 3 दिनों से बूथ की मरम्मत का काम चल रहा था। बुधवार की शाम दोनों बूथों के बीच की दीवार हट जाने के कारण कर्मचारी बूथ के अंदर से स्लैब तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक छत ढह गई और मजदूर नीचे दब गए।
मृतकों में से एक की पहचान मंचन कुमार (24) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। इस मामले में पुलिस ने कैफे शॉप के बिल्डर आयुष और ठेकेदार सुरिंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
धमाके की आवाज और मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर लोग बचाव के लिए दौड़े और तुरंत दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पीसीआर ने पहुंचकर भीड़ को हटाया और मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने रैस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबा हटाने के लिए 2 जेसीबी मशीनें लगाई गईं और एक डंपर की मदद ली गई।
हादसे की सूचना मिलने पर डीएसपी दलबीर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आपदा प्रबंधन प्रमुख टीम के साथ पहुंचे। एसडीएम साउथ भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। शाम करीब साढ़े सात बजे आईजी आरके सिंह और एसएसपी कंवरदीप कौर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।




