जालंधर। प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल पर जालंधर में धार्मिक भावनाओं को भड़काने का मामला दर्ज हुआ है। कन्हैया मित्तल के खिलाफ यह केस ईसाई समुदाय ने दर्ज करवाया है। शिकायत में आरोप लगाया है कि कन्हैया मित्तल ने दिल्ली में एक जागरण के दौरान मंच से ईसाई समुदाय और उनके प्रभु यीशु के बारे में अपशब्द बोले थे। साथ ही महादेव शिव को यीशु मसीह का पिता करार दिया था।
पंजाब क्रिश्चियन लीडरशिप के चेयरमैन पास्टर हरजोत सेठी और पंजाब के अध्यक्ष सुरजीत थापर की शिकायत पर कन्हैया मित्तल के खिलाफ थाना लांबड़ा में धार्मिक भावनाएं आहत करने के लिए भारतीय दंड संहिता की धारा 294-A के तहत केस दर्ज किया गया है। ईसाई समुदाय की लीडरशिप का कहना है कि कन्हैया मित्तल ने समुदाय को नीचा दिखाने की कोशिश की है।



